1. भदोही: निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को जिले में करना होगा रात्रि निवास, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को जिले में करना होगा रात्रि निवास, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश

भदोही। जिले में संचालित निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के चिकित्सकों को अब जिले में ही निवास करना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को रात्रि निवास करने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य ऑपरेशन के बाद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

जिले में करीब 140 निजी अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक संचालित हैं। ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, घोसिया, खमरियां और सुरियावां सहित विभिन्न क्षेत्रों में ये स्वास्थ्य संस्थान संचालित हो रहे हैं। इनमें कई ऐसे चिकित्सक हैं, जो जिले में निवास नहीं करते हैं। वे ऑपरेशन करने के बाद वाराणसी और प्रयागराज चले जाते हैं। ऐसे में रात के समय मरीजों की देखभाल अप्रशिक्षित कर्मचारियों के भरोसे रह जाती है।

नियमों के अनुसार निजी अस्पतालों के पंजीकरण के दौरान चिकित्सकों को अपना स्थायी और अस्थायी दोनों पता दर्ज कराना अनिवार्य है। अस्थायी पता जिले का होना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में चिकित्सक उपलब्ध रह सकें। विशेष रूप से ऑपरेशन के बाद मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखना जरूरी होता है।

इसके बावजूद कई चिकित्सक ऑपरेशन के बाद अस्पताल से चले जाते हैं और मरीजों की जिम्मेदारी दूसरे कर्मचारियों पर छोड़ दी जाती है। इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित चिकित्सकों को जिले में रात्रि निवास करने के लिए पत्र जारी किया है।

जल्द अस्पतालों का निरीक्षण करेंगी टीमें

प्रभारी सीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को जिले में निवास करने के लिए पत्र जारी किया गया है। निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जल्द ही टीमें मौके पर जाकर जांच करेंगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles