भदोही: छात्राओं का 15 किमी दूर बनाया परीक्षा केंद्र, दो दिनों में 105 आपत्तियां दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: छात्राओं का 15 किलोमीटर दूर बनाया परीक्षा केंद्र, दो दिनों में 105 आपत्तियां दर्ज

भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा के लिए जारी परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची पर विरोध शुरू हो गया है। जिले में कई विद्यालयों की छात्राओं का परीक्षा केंद्र निर्धारित मानक से अधिक दूरी पर बना दिया गया है। कुछ केंद्रों की दूरी 15 किलोमीटर तक होने की बात सामने आई है, जबकि नियमानुसार बालिकाओं के विद्यालय से परीक्षा केंद्र की अधिकतम दूरी सात किलोमीटर होनी चाहिए।

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बीते सोमवार शाम जिले के 81 विद्यालयों की परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई थी। इसके बाद विद्यालयों से आपत्तियां मांगी गईं। बुधवार को दूसरे दिन 60 आपत्तियां दर्ज की गईं, जबकि पहले दिन 45 आपत्तियां आई थीं। इस तरह दो दिनों में कुल 105 आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं।

जिले में 196 माध्यमिक विद्यालय संचालित

जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत कुल 196 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 38 राजकीय, 25 वित्तपोषित और 130 से अधिक वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन सभी विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद परिषद की ओर से परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई।

छह नवंबर तक होगा आपत्तियों का निस्तारण

परीक्षा केंद्रों की दूरी और अन्य समस्याओं को लेकर विद्यालयों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। नियमानुसार बालकों के विद्यालय से परीक्षा केंद्र की दूरी अधिकतम 12 किलोमीटर और बालिकाओं के लिए सात किलोमीटर निर्धारित है। ऐसे में छात्राओं के परीक्षा केंद्र 15 किलोमीटर दूर बनाए जाने से संबंधित विद्यालयों की परेशानी बढ़ गई है।

प्राप्त आपत्तियों का छह नवंबर तक निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। अब विद्यालयों को उम्मीद है कि आपत्तियों की जांच के बाद परीक्षा केंद्रों का निर्धारण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles