भदोही: मतेथू के अंधे मोड़ पर हादसों का खतरा, न स्पीड ब्रेकर न चेतावनी बोर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: मतेथू पाठक बस्ती के अंधे मोड़ पर हादसों का खतरा, न स्पीड ब्रेकर न चेतावनी बोर्ड

सुरियावां-कलिंजरा मार्ग पर रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की सुरक्षा इंतजाम की मांग

भदोही। सुरियावां-कलिंजरा मार्ग पर स्थित मतेथू पाठक बस्ती के अंधे मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड नहीं होने से वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का समय रहते अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

यह मार्ग सुरियावां को मतेथू सहित आसपास के कई गांवों से जोड़ता है। सड़क पर दिन-रात वाहनों का आवागमन बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद अंधे मोड़ पर अब तक न तो स्पीड ब्रेकर बनाया गया है और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाया गया है।

स्थानीय निवासी अभिषेक पांडेय, निशांत पाठक, सचिन मिश्रा, छोटे पाठक, गौरव त्रिपाठी और गोलू पाठक ने बताया कि मोड़ पर सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित में इस समस्या का संज्ञान लेने और संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने की अपील की है। उनका कहना है कि अंधे मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाने से वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सकेगा और हादसों की आशंका कम होगी।

पीडब्ल्यूडी ने सर्वे के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता सुभाष चंद्र मौर्य ने बताया कि खतरनाक मोड़ के पास संकेतक बोर्ड और स्पीड ब्रेकर होना जरूरी है। विभाग की टीम समय-समय पर सर्वे करती है। यदि संबंधित स्थान पर खतरनाक मोड़ पाया जाता है, तो वहां स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगवाए जाएंगे।

अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग जल्द ही आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles