भदोही: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पिता ने दामाद समेत पांच लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा
भदोही। कोतवाली क्षेत्र के गजिया स्थित चकमीरा बस्ती में बुधवार की रात एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार तड़के उसका शव घर में फंदे से लटकता मिला, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
भदोही नगर पालिका कार्यालय से सटे वार्ड नंबर 14 की चकमीरा बस्ती निवासी अफरोज का विवाह इसी वर्ष जनवरी में जौनपुर जिले के भानपुर निवासी खालिक की 20 वर्षीय बेटी सानिया के साथ हुआ था। बुधवार की रात सानिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मृतका के मायके वाले भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से नहीं दी गई। उन्हें पड़ोसियों के माध्यम से बेटी की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। वहीं, पति अफरोज का कहना है कि उसने कई बार मायके वालों को फोन किया था, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
मृतका के पिता खालिक ने भदोही कोतवाली में तहरीर देकर अपने दामाद अफरोज, समधी, एक युवती और दामाद के चाचा समेत पांच लोगों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कोतवाली प्रभारी शैलेष राय ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
