जिलाधिकारी ने पाली में कराई क्राप कटिंग, परखी गेहूं की फसल की उत्पादकता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही, 03 अप्रैल 2026।
जनपद में रबी फसलों के वास्तविक उत्पादन के सटीक आकलन के लिए चलाए जा रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने तहसील ज्ञानपुर के ग्राम पाली में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर उत्पादन की जांच की। इस दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित मानकों के अनुसार खेत में फसल की कटाई कराई गई और उसके उत्पादन का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया गया।

जिलाधिकारी ने किसान श्रीमती पान देवी और शीतला प्रसाद के खेत में निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में गेहूं की फसल की कटाई कराकर थ्रेसिंग कराई। क्रॉप कटिंग के दौरान क्रमशः 18.02 किलोग्राम और 14.71 किलोग्राम गेहूं का उत्पादन प्राप्त हुआ। इन आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों ने औसत उत्पादन लगभग 38 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंका।

यह पूरी प्रक्रिया भारत सरकार द्वारा विकसित सीसीई (Crop Cutting Experiment) एग्री ऐप के माध्यम से ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इस ऐप के जरिए प्रयोग के दौरान की पूरी जानकारी, फोटो और लोकेशन को ऑनलाइन दर्ज किया गया, जिससे उत्पादन के आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त आंकड़े फसल उत्पादन के वास्तविक अनुमान के साथ-साथ फसल बीमा योजना के दावों के निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने किसानों को आधुनिक खेती अपनाने, उन्नत बीजों का उपयोग करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।

इस दौरान जिलाधिकारी ने पाली–सुरियावां मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क की साइड पटरी के कार्य का भी संज्ञान लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि साइड पटरी का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आम जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुश्री इरम कुमारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी रवि प्रकाश, फसल बीमा प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी, लेखपाल चंद्रभान सिंह, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles