ज्ञानपुर (भदोही): ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 14 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग की ओर से उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। सरकार की मंशा है कि गांवों में रहने वाले लोगों को उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि छोटी-मोटी बीमारियों के लिए उन्हें दूर अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पांच से सात हजार की आबादी पर एक उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा। जिले में फिलहाल 206 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं, लेकिन अभी भी कई ऐसे गांव हैं जहां स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर वहां नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
जिले की कुल आबादी लगभग 18 से 20 लाख के बीच बताई जा रही है। यहां तीन राजकीय चिकित्सालय संचालित हैं, जिनमें जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही और 100 शैय्या अस्पताल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले में छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी)—भानीपुर, भदोही, औराई, सुरियावां, गोपीगंज और डीघ—संचालित हैं। वहीं 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 206 उप स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
इन सीएचसी के अधीन खुलेंगे नए केंद्र
स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार नए उप स्वास्थ्य केंद्र निम्नलिखित सीएचसी के अधीन स्थापित किए जाएंगे—
- डीघ – 02 केंद्र
- गोपीगंज – 02 केंद्र
- औराई – 03 केंद्र
- भदोही – 02 केंद्र
- भानीपुर – 03 केंद्र
- सुरियावां – 02 केंद्र
टेलीमेडिसिन की भी होगी व्यवस्था
नए उप स्वास्थ्य केंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम की तैनाती की जाएगी। यहां टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्वास्थ्यकर्मी जरूरत पड़ने पर पीएचसी या अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से सीधे संपर्क कर मरीजों को परामर्श और उपचार दे सकेंगे।
गर्भवती महिलाओं और प्रसव से जुड़े मामलों में भी एएनएम महिला डॉक्टरों से फोन या ऑनलाइन माध्यम से सलाह लेकर आवश्यक दवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा सकेंगी।
ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा लाभ
इन नए उप स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब सामान्य बीमारी, गर्भावस्था जांच, टीकाकरण और अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके चक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 14 नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
