ज्ञानपुर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई। पहले ही दिन विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। शिक्षकों ने स्कूल पहुंचे नौनिहालों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर और तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में पढ़ाई को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
बुधवार को जिले के अधिकांश प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को गुब्बारों, रंगीन कागजों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। विद्यालय परिसर में प्रवेश करते ही बच्चों का शिक्षकों द्वारा स्वागत किया गया। कई स्थानों पर बच्चों को मिठाई भी वितरित की गई, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।
बीआरसी स्थित कंपोजिट विद्यालय ज्ञानपुर, आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय जोरईं, प्राथमिक विद्यालय ज्ञानपुर प्रथम, द्वितीय तथा गिरधरपुर में शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए और नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय बनकट में प्रधानाध्यापक डॉ. ओमप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में नए सत्र का शुभारंभ किया गया। वहीं राम चंदरपुर में भी बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए नए शिक्षा सत्र की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने विद्यालयों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक बच्चा विद्यालय पहुंचे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। इसके लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्राथमिक विद्यालय नई बाजार द्वितीय में प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश, प्राथमिक विद्यालय सुल्तानापुर में हेडमास्टर योगिता हेमकर तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुलईपुर में प्रधानाध्यापक आशीष सिंह ने बच्चों का स्वागत कर उन्हें नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय मिसिरपुर में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांव की गलियों में घूमकर लोगों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “स्कूल चलो अभियान” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
नए शिक्षा सत्र की शुरुआत को लेकर बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस सत्र में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता दोनों में सकारात्मक वृद्धि होगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

