चुनाव से पहले सड़क सौगात: भदोही में 219 ग्रामीण मार्गों की मरम्मत को मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

30.48 करोड़ से 219 ग्रामीण सड़कों की होगी मरम्मत, 150 गांवों को मिलेगा लाभ

ज्ञानपुर। आगामी चुनाव से पहले जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शासन ने जिले की तीनों विधानसभाओं—ज्ञानपुर, औराई और भदोही—में 219 ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण एवं सामान्य मरम्मत की स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों पर करीब 30 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च होंगे।

स्वीकृत सड़कों की लंबाई 200 मीटर से लेकर दो किलोमीटर तक है। कुल मिलाकर 271 किलोमीटर लंबी सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इससे जिले के 150 गांवों के ढाई से तीन लाख लोगों को सीधे तौर पर राहत मिलेगी।

स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।

जिले में 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में लगभग 2500 किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क है। इन सड़कों की देखरेख लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत, नगर पंचायत और मंडी समिति जैसी एजेंसियां करती हैं, जबकि सभी निर्माण कार्यों का नोडल विभाग लोक निर्माण विभाग ही होता है। हर वर्ष नवीनीकरण, मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं।

हालांकि, मुख्य सड़कों पर नियमित ध्यान दिया जाता है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें अक्सर खराब स्थिति में रह जाती हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवर अभियंताओं के सर्वे और जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर 250 से अधिक ग्रामीण सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से ठीक पहले अब इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है।

स्वीकृत सड़कों में वे मार्ग शामिल हैं, जो लिंक और मुख्य सड़कों से अलग-अलग बस्तियों को जोड़ते हैं। इनके सुधरने से ग्रामीण आवागमन आसान होगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

संदीप सरोज, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) ने बताया,
219 ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत पर करीब 30.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। इससे 150 गांवों की करीब ढाई से तीन लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles