चितईपुर में कोटे की दुकान पर चाकूबाजी, चार घायल
गोपीगंज।
कोतवाली गोपीगंज क्षेत्र के चितईपुर गांव में मंगलवार की शाम सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गेहूं वितरण को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बीच चाकूबाजी की घटना हो गई, जिसमें एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना चितईपुर ग्राम सभा की कोटे की दुकान पर हुई, जिसका संचालन जानकी देवी द्वारा किया जाता है। बताया गया कि धीरपुर गांव निवासी सूरज राशन लेने के लिए दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान गेहूं लेने को लेकर कोटेदार पक्ष व मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवक केवल गेहूं देने की मांग पर अड़ गया, जिस पर विवाद बढ़ता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के दौरान युवक ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व प्रधान आनंद प्रसाद बिंद (48), राम अछैबर (30), अतुल कुमार (42) और अखिलेश बिंद (27) घायल हो गए। चाकू लगने से घायलों में चीख-पुकार मच गई, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
घटना के बाद कोटे की दुकान पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने राशन वितरण के दौरान व्यवस्था सुधारने और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
