भदोही में सनसनी: कालीन मजदूर की संदिग्ध मौत, तालाब में मिला शव — परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
भदोही। कोतवाली क्षेत्र के रणई गांव के गुल्लीबीर तालाब में रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक युवक का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान राजन सरोज (35 वर्ष), निवासी जलालपुर के रूप में हुई।
राजन पेशे से कालीन मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह शनिवार की रात करीब नौ बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। चूंकि वह अक्सर देर रात तक बाहर रहते थे, इसलिए परिवार ने उस रात ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गुल्लीबीर तालाब के किनारे उनकी चप्पल और बीड़ी पड़ी देखी। इसी आधार पर डूबने की आशंका जताई गई। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश की, जिसके कुछ ही समय बाद राजन का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही भदोही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजन की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि “मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।”
मृतक के परिवार में पिता राजपति सरोज, तीन भाई और पत्नी व बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

