कार की चपेट में आकर बाइक मैकेनिक की मौत, घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
ज्ञानपुर (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के असनांव मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक मैकेनिक की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, ब्रह्म बाबा के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 35 वर्षीय जितेंद्र उर्फ दीपू गौतम निवासी अबरना, थाना सुरियावां की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सोमवार शाम लगभग साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि दीपू अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार साल से रह रहा था ससुराल में
मृतक जितेंद्र उर्फ दीपू गौतम मूल रूप से सुरियावां क्षेत्र के अबरना गांव का रहने वाला था। बीते चार वर्षों से वह अपने ससुराल कंसापुर में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था।
ज्ञानपुर कस्बे में ही उसने एक गाड़ी मरम्मत की दुकान पर बतौर मैकेनिक काम शुरू किया था और वहीं रोज़ी-रोटी चलाता था।
घटना के बाद मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि कार चालक की पहचान की जा रही है, वाहन को कब्जे में लेने और चालक को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिवार में मचा मातम
दीपू की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

