संक्रामक बीमारियों से बचाव की दी जानकारी
ज्ञानपुर (भदोही) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर दुर्गागंज में सोमवार को एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मानव संसाधन व महिला विकास संस्था, लहर तारा वाराणसी की टीम ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वनवासी परिवारों के बच्चों एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका के प्रति जागरूक करना था। संस्था की टीम के सदस्यों और स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने उपस्थित ग्रामीणों को संक्रामक और मौसमी बीमारियों से बचाव के सरल उपाय बताए।
उन्होंने बताया कि बरसात और बदलते मौसम में मलेरिया, डेंगू, सर्दी-जुकाम, बुखार, डायरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इनसे बचने के लिए लोगों को अपने घरों और आस-पास की जगहों पर साफ-सफाई बनाए रखनी चाहिए, कचरा और गंदा पानी इकट्ठा न होने दें, तथा पीने के पानी को ढककर रखें।
चिकित्सकों ने यह भी बताया कि बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करवाएं। टीम ने बच्चों को हाथ धोने का सही तरीका सिखाया और मच्छरदानी के नियमित उपयोग की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शुभाकर श्रीवास्तव, डॉ. अशिष चतुर्वेदी, पैरामेडिकल स्टाफ और संस्था के सदस्य प्रिया सिंह, अरविंद कुमार, रेखा देवी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. शुभाकर श्रीवास्तव ने कहा कि, “स्वास्थ्य की रक्षा सिर्फ इलाज से नहीं, बल्कि जागरूकता से होती है। जब लोग खुद सावधानी बरतेंगे, तभी संक्रमण की कड़ी टूटेगी।”
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

