उपरौठ में शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, बोलीं – “शराब ने बस्ती की शांति छीन ली”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उपरौठ में शराब की दुकान को लेकर बवाल, महिलाओं ने कहा— “हमारी बस्ती बर्बाद कर रही है शराब”
औराई। क्षेत्र के उपरौठ गांव में खुली शराब की दुकान को लेकर सोमवार को महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाएं दुकान के बाहर जमा होकर नारेबाजी करने लगीं। उन्होंने कहा कि शराब की इस दुकान से बस्ती का माहौल बिगड़ गया है। नशे में धुत युवक दिन-रात गाली-गलौज और अभद्र हरकतें करते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

महिलाओं ने कहा कि अप्रैल में जब यह दुकान उपरौठ नहर के पास खुली थी, तभी उन्होंने इसका विरोध किया था, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। अब स्थिति इतनी खराब हो गई है कि नशे में झगड़े और हिंसा की घटनाएं आम हो गई हैं।

महिलाओं का कहना था कि दुकान के आसपास महिला महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, और मंदिर हैं, जहां लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में शराबियों का जमावड़ा सामाजिक माहौल को बिगाड़ रहा है।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगी और दुकान बंद करवाकर रहेंगी।

हंगामे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। वहीं बाद में उप जिलाधिकारी बरखा सिंह और आबकारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार भी पहुंच गए। अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर विवादित शराब दुकानों की जांच कराई जाएगी और जरूरत पड़ी तो स्थानांतरण की कार्रवाई भी की जाएगी।

महिलाओं के विरोध में सुषमा देवी, प्रभावती देवी, नीलम, कुसुम, किरण, बिंदु देवी, नीलू देवी और अमरावती देवी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों में तीन युवकों की तबीयत शराब पीने से खराब हो गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में रोष फैल गया।

गांव के बुजुर्गों ने कहा कि पहले यहां का माहौल शांतिपूर्ण था, लेकिन शराब की दुकान खुलने के बाद से झगड़े, घरेलू हिंसा और सामाजिक तनाव बढ़ गया है।

पूर्व में तहसील रोड के सामने खुली दुकान को लेकर भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था, तब भी प्रशासन ने स्थान परिवर्तन का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles