भदोही: 42 किमी हाईवे पर 8 ब्लैक स्पॉट, 3 किमी तक पसरा अंधेरा; कोहरे में हादसों का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: 42 किमी हाईवे पर 8 ब्लैक स्पॉट, 3 किमी तक फैला अंधेरा; कोहरे में हादसों का खतरा

ज्ञानपुर। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे का भदोही जिले की सीमा में पड़ने वाला करीब 42 किलोमीटर का हिस्सा इन दिनों सड़क सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बना हुआ है। हाईवे पर सात से आठ स्थान ऐसे हैं, जहां घना अंधेरा रहता है। कहीं 500 से 600 मीटर तक तो कहीं दो से तीन किलोमीटर तक सड़क पर रोशनी नहीं है। सर्दियों में कोहरे और धुंध के बीच ये स्थान बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं।

हाईवे पर पांच से सात स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं, जबकि चार से पांच स्थानों पर लगी लाइटें बंद पड़ी हैं। बुधवार शाम की पड़ताल में बाबूसराय, तिउरी, वहिदा मोड़ और माधोसिंह के पास कई लाइटें बुझी मिलीं। हालांकि, आसपास की कुछ अन्य लाइटें जलती हुई दिखाई दीं।

देश के व्यस्त हाईवे में शामिल इस मार्ग से प्रतिदिन औसतन नौ से दस हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। इनमें करीब 30 प्रतिशत चार पहिया वाहन और 70 प्रतिशत बड़े वाहन शामिल हैं। हाईवे की सुविधाओं और रखरखाव की जिम्मेदारी हंडिया-राजातालाब हाईवे खंड की देखरेख कर रही कार्यदायी संस्था के पास है।

आगामी दिनों में कोहरा बढ़ने और दृश्यता कम होने पर इन अंधेरे वाले स्थानों पर वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को सामने मौजूद लोगों या अन्य वाहनों को देखने में परेशानी हो सकती है।

अंधेरे में हादसे के बाद शव की नहीं हो सकी शिनाख्त

हाईवे के अंधेरे वाले हिस्सों में पहले भी दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। इसी साल पांच अगस्त को सावन के दौरान कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन पर माधोसिंह और घोसिया के बीच किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। अंधेरा होने के कारण हादसे की जानकारी समय से नहीं मिल सकी और रातभर वाहन शव को कुचलते रहे।

सुबह तक शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि मृतक की पहचान करना मुश्किल हो गया। काफी समय बीतने के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। ऐसे में हाईवे पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था और खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त कराना जरूरी हो गया है, ताकि कोहरे के मौसम में संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles