भदोही: तीन दिन में चार डिग्री गिरा पारा, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन; 11 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही।** जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है। सर्द हवाओं के चलते सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों में रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है।

जिले में बीते सप्ताह हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद तापमान में सुधार हुआ और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच पहुंच गया था। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। लेकिन पिछले तीन दिनों से एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने लगा है।

सोमवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को दो डिग्री गिरकर 16 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को इसमें और गिरावट दर्ज की गई और पारा 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शाम होते ही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर भी दिखाई देने लगा है।

कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को 16 और बुधवार को घटकर 14 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान पिछले तीन-चार दिनों से 27 डिग्री पर स्थिर है। इस समय वातावरण में नमी 70 से 80 प्रतिशत तक बनी हुई है, जबकि हवा की गति सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में रातें और ठंडी होंगी तथा न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

## सेहत पर भारी पड़ रहा मौसमी उतार-चढ़ाव

तापमान में उतार-चढ़ाव और बढ़ती ठंड का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। ओपीडी में हर चौथा मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और एलर्जी की शिकायत लेकर पहुंच रहा है।

उन्होंने लोगों को खानपान में सावधानी बरतने, ठंडे पदार्थों से परहेज करने और नियमित रूप से गुनगुना पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles