भदोही: 59 हजार से अधिक महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी, रोजगारपरक प्रशिक्षण के साथ मिलेगा पांच लाख तक का ऋण
ज्ञानपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में 59 हजार 111 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन की ओर से मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावित लाभार्थी महिलाओं के चयन की जिम्मेदारी पहले से लखपति बन चुकी महिलाओं को सौंपी गई है। लखपति कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) चयन प्रक्रिया में जुट गई हैं।
शासन की ओर से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की पहल की जा रही है। योजना का उद्देश्य है कि समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक पारिवारिक आय कम से कम एक लाख रुपये या उससे अधिक हो सके।
जिला मिशन प्रबंधक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शासन की ओर से जिले में 59,111 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य दिया गया है। पहले से चयनित लखपति दीदी को कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। वे संभावित लखपति महिलाओं का चयन कर उनका नाम डिजिटल आजीविका रजिस्टर में दर्ज करेंगी।
ड्रोन संचालन से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक मिलेगा प्रशिक्षण
चयनित महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके कौशल को निखारने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ड्रोन संचालन, एलईडी बल्ब निर्माण, प्लंबिंग, बुनाई और फूड प्रोसेसिंग जैसे रोजगारपरक कार्य शामिल हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी।
एक से पांच लाख रुपये तक मिलेगा ऋण
महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आसान प्रक्रिया के तहत कम ब्याज दर पर एक से पांच लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान देंगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

