भदोही: पटाखा विस्फोट में घायल शुभम को आया होश, हालत में सुधार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: पटाखा विस्फोट में घायल शुभम को आया होश, हालत में सुधार

भदोही। विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखा विस्फोट में गंभीर रूप से घायल शुभम विश्वकर्मा की हालत में तीसरे दिन काफी सुधार हुआ है। बृहस्पतिवार को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती शुभम को होश आ गया। वहीं, घायल राहुल तिवारी पहले से ही खतरे से बाहर है। दोनों युवकों की हालत में सुधार होने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भदोही के स्टेशन रोड पर विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखा विस्फोट हो गया था। हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए थे। इनमें शुभम विश्वकर्मा की हालत सबसे गंभीर थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने शुभम और राहुल तिवारी को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया था।

शुभम के पिता जयप्रकाश ने बताया कि उनके बेटे की हालत में अब सुधार हो रहा है। होश में आने के बाद शुभम ने परिजनों से बातचीत भी की, जिससे परिवार को काफी राहत मिली। वहीं, भदोही के निजी अस्पतालों में भर्ती अन्य घायलों की हालत भी पहले से बेहतर बताई जा रही है।

विसर्जन जुलूस में आतिशबाजी पर रोक लगाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विसर्जन जुलूस के दौरान आतिशबाजी पर रोक लगाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से जान-माल का खतरा बना रहता है। पिछले वर्ष भी आतिशबाजी के दौरान एक युवक घायल हो गया था, जिसका लंबे समय तक उपचार चला था।

प्रभारी निरीक्षक कुलदीप मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों का वाराणसी में उपचार चल रहा है और उनकी हालत में सुधार है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles