भदोही: फर्जी कागजात दिखाकर 94 लाख रुपये में कराया जमीन का बैनामा, चार के खिलाफ प्राथमिकी
भदोही। समधाताल मौजे में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फर्जी कागजात दिखाकर जमीन का बैनामा कराने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कल्लीपुर निवासी सतीश कुमार पटेल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने प्रीतम पटेल, गोविंद पटेल और आशीष पटेल के साथ मिलकर 9 जून 2026 को घनश्याम, रामाश्रय निवासी केशरीपुर, रोहनिया तथा बच्चन और मोहन निवासी डुढाव, औराई से समधाताल मौजे में जमीन खरीदी थी। इस जमीन का बैनामा करीब 94 लाख रुपये में कराया गया था।
आरोप है कि जमीन बेचने वालों ने उसे विवादरहित बताते हुए 2 अप्रैल 2026 की लेखपाल रिपोर्ट दिखाई थी। साथ ही जमीन पर अपना कब्जा होने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन बैनामा रजिस्ट्री होने के बाद जब खरीदार मौके पर कब्जा लेने पहुंचे, तो पता चला कि विक्रेताओं का संबंधित जमीन पर कभी कब्जा ही नहीं था।
पीड़ित के अनुसार, शिकायत करने पर 2 जुलाई 2026 को विक्रेताओं ने लिखित समझौता किया। इसमें तय हुआ कि पक्की पैमाइश के बाद यदि जमीन पर कब्जा नहीं मिलता है, तो पूरी धनराशि के साथ स्टांप खर्च भी वापस किया जाएगा।
समझौते के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक 15-15 लाख रुपये और 10 अक्टूबर 2026 तक शेष रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, आरोप है कि तय समयसीमा बीतने के बाद भी धनराशि वापस नहीं की गई।
सतीश कुमार पटेल ने आरोप लगाया कि 14 अक्टूबर 2026 को जब खरीदारों ने रकम वापस मांगने के लिए संपर्क किया, तो विक्रेताओं ने पैसे देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश के तहत जाली और फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर जमीन का बैनामा कराया था। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।