ज्ञानपुर: गणित के सूत्रों ने उलझाया, भौतिक विज्ञान के सवालों ने खूब छकाया
ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शुक्रवार को आयोजित हाईस्कूल गणित और इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षाओं ने परीक्षार्थियों की कड़ी परीक्षा ली। पहली पाली में गणित के पेपर में जटिल सूत्रों और लंबे सवालों ने विद्यार्थियों को उलझाए रखा, जबकि दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान के संख्यात्मक प्रश्नों और अवधारणात्मक सवालों ने भी खूब मशक्कत कराई।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर हलचल रही। सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्राध्यक्ष, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पूरी तरह मुस्तैद रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी भीड़ देखने को मिली। दोनों पालियों को मिलाकर जिले में कुल 1,993 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में हाईस्कूल गणित विषय के लिए पंजीकृत 20,165 परीक्षार्थियों में 1,032 अनुपस्थित रहे और 19,133 ने परीक्षा दी। इंटरमीडिएट व्यावसायिक वर्ग में पंजीकृत 306 में से 13 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। संस्कृत बोर्ड की परीक्षा भी तीन केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई, जिसमें पूर्व मध्यमा अंग्रेजी/चित्रकला के 222 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 72 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान के लिए पंजीकृत 18,193 परीक्षार्थियों में 876 अनुपस्थित रहे, जबकि 17,317 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा समाप्त होने के बाद कई विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर का स्तर सामान्य से कठिन रहा, खासकर संख्यात्मक और लंबी गणनाओं वाले प्रश्नों में समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ज्ञानपुर स्थित इंद्रावती देवी इंटर कॉलेज, गिरधरपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
