साल में 5 बार नियम तोड़ने वाले 20 लोगों के डीएल निरस्त, 10 और पर कार्रवाई की तैयारी
ज्ञानपुर। जिले में लगातार यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। वर्ष 2025 में 12 महीने के भीतर पांच बार से अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं 10 अन्य चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए एआरटीओ को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से दिसंबर 2025 तक यातायात और संबंधित थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर 1.40 लाख ऑनलाइन ई-चालान किए। इस दौरान वाहन स्वामियों पर कुल 54.50 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी
निरस्त किए गए 20 लाइसेंसों में से पांच ऐसे चालक शामिल हैं, जो तीन बार से अधिक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में न सिर्फ चालक की जान बल्कि आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है, इसलिए इनके खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है।
स्टंटबाजों पर शिकंजा
चार लाइसेंस उन युवकों के निरस्त किए गए हैं, जो भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर तेज रफ्तार बाइक चलाकर स्टंट कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इनकी पहचान कर कार्रवाई की गई।
बार-बार चालान वाले वाहन चिन्हित
एक जनवरी से दो फरवरी के बीच 10 ऐसे वाहनों को चिह्नित किया गया है, जिनका 10 से अधिक बार चालान हो चुका है। इन मामलों में वाहन स्वामियों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आगे भी चलेगा अभियान
यातायात विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और मोबाइल फोन का उपयोग जैसे उल्लंघनों पर सख्ती बरती जाएगी।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि बार-बार उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


