विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026: सुरियावां में समीक्षा बैठक, मतदाता सूची अद्यतन में तेजी का निर्देश
सुरियावां/भदोही। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार नगर पंचायत सुरियावां में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) भदोही अरुण गिरी ने की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष विनय चौरसिया, सभी सभासद, नगर पंचायत कर्मी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसडीएम ने मतदाता सूची अद्यतन कार्यों, BLO की प्रगति रिपोर्ट, घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य पूर्णतः संवैधानिक और प्राथमिकता वाला कार्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
सत्यापन कार्य में तेजी लाने पर जोर
उपजिलाधिकारी अरुण गिरी ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूचीबद्ध करना, मृतक या स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाना तथा दोहरी प्रविष्टियों को हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र सही तरीके से भरे जाएं और समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।
जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
सभासदों ने भी बैठक में क्षेत्रवार समस्याओं और आवश्यक सुधारों पर अपने सुझाव दिए। चेयरमैन विनय चौरसिया ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन टीमवर्क के साथ काम कर मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सही, अद्यतन और सटीक बनाने का प्रयास करेगा।
जनजागरूकता अभियान चलाने की बात
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर क्षेत्र में पोस्टर, सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि हर पात्र नागरिक मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक होकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सके।

अंत में एसडीएम ने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समयबद्ध कार्य पूर्ण करने, प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

