पुरानी पेंशन बहाली समेत 12 मांगों को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, बीएसए को सौंपा ज्ञापन
भदोही। पुरानी पेंशन बहाली, अनिवार्य टीईटी से राहत और लंबित पदोन्नति समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले दोपहर बाद बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। जिला संयोजक धीरेंद्र यादव और जिला सह संयोजक अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि एक अप्रैल 2005 और उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए लागू नई पेंशन व्यवस्था जोखिम भरी है। इसलिए सरकार को पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) से कराने के निर्णय को वापस लेने और वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग उठाई।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि संगठन शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और सेवा सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। सरकार को शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए 12 सूत्री मांगों का जल्द समाधान करना चाहिए।
इस मौके पर ओम प्रकाश मिश्रा, डॉ. प्रमोद मिश्र, सूबेदार यादव, रविंद्र पांडेय, अरविंद उपाध्याय, योगेश, नवनीत सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


