गोपीगंज: ज्ञानपुर रोड स्टेशन मार्ग पर 11.18 लाख से बनेगी 180 मीटर नाली, जलभराव से मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोपीगंज: ज्ञानपुर रोड स्टेशन मार्ग पर 11.18 लाख से बनेगी नाली, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

गोपीगंज। नगर के वार्ड संख्या नौ स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर 11.18 लाख रुपये की लागत से 180 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया जाएगा। नाली निर्माण से क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को नगर पालिकाध्यक्ष जितेंद्र गुप्त ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।

जिले के सात नगर निकायों में भदोही और गोपीगंज नगर पालिका शामिल हैं। गोपीगंज नगर में कुल 25 वार्ड हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से नगर में विकास कार्य कराए गए हैं, लेकिन अभी भी कई वार्डों में जल निकासी की समस्या बनी हुई है। इसके चलते बारिश के मौसम में मोहल्लों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी समस्या को देखते हुए पालिका प्रशासन की ओर से वार्ड संख्या नौ में ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग के किनारे 180 मीटर नाली निर्माण की योजना बनाई गई है। बुधवार को भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू हो गया।

इस मौके पर पालिकाध्यक्ष जितेंद्र गुप्त ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मधुबाला मिश्रा, संजय साहू, विष्णु पांडेय, अचल श्रीवास्तव और विवेक मोदनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles