भदोही: संदीप यादव की मौत के मामले में नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव की पुष्टि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संदीप की मौत का खुलासा, गले पर दबाव के मिले संकेत; पुलिस ने शुरू की पूछताछ

भदोही। कोतवाली क्षेत्र के हॉस्टल चौराहे के पास रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 20 वर्षीय संदीप यादव की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव पड़ने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस की जांच टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब मौत के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है।

गोपीगंज क्षेत्र के गुलौरी निवासी रंग बहादुर यादव ने बताया कि संदीप काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर में स्नातक का छात्र था। वह पढ़ाई के लिए हॉस्टल चौराहे के पास किराये के कमरे में रहता था। रविवार रात करीब नौ बजे उसका शव कमरे में मिला था।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उस समय संदीप के मुंह से झाग निकल रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। हालांकि, बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव पड़ने की पुष्टि होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

एएसपी बोले- जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles