सड़क पर खड़े हो रहे ऑटो, बढ़ी जाम की समस्या
भदोही। जिले में ऑटो चालकों की मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। त्योहारी सीजन हो या आम दिन, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सड़क के बीच ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाना और उतारना आम हो गया है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही जाम की समस्या भी बढ़ रही है। वहीं, बाजारों में कारोबार करने वाले दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब 750 ऑटो पंजीकृत हैं। शहर और कस्बों के बाजारों में ई-रिक्शा के साथ ऑटो भी लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन बने हुए हैं। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में जाने वाले लोग ऑटो का अधिक इस्तेमाल करते हैं।
जिले के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर ऑटो चालकों की मनमानी आसानी से देखी जा सकती है। ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा, गोपीगंज के बड़ा चौराहा और मिर्जापुर तिराहा, सुरियावां के अटल चौराहा तथा भदोही के स्टेशन रोड पर बड़ी संख्या में ऑटो सड़क किनारे या बीच सड़क खड़े रहते हैं। कई स्थानों पर करीब 20 से 25 ऑटो एक साथ खड़े दिखाई देते हैं।
सड़क के बीच सवारी बैठाने से बढ़ता खतरा
इन दिनों त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में सड़क के बीच ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाने और उतारने से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है। अचानक ऑटो रुकने और सवारियों के सड़क पर उतरने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
गोपीगंज के बड़ा चौराहा स्थित सर्विस लेन में भी कई बार ऑटो बीच सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं। इससे दूसरे वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और जाम की स्थिति बन जाती है।
दुकानदार भी परेशान
ऑटो के बेतरतीब खड़े होने से बाजारों में आने-जाने वाले लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी होती है। दुकानों के सामने वाहन खड़े रहने से ग्राहकों को पहुंचने में दिक्कत होती है, जिसका असर कारोबार पर भी पड़ता है।
चौराहों और तिराहों पर यातायात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद कई स्थानों पर ऑटो चालक नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड और सवारी बैठाने-उतारने के स्थान तय किए जाएं तो बाजारों में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




