राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होंगे डॉ. हरिश्चंद्र यादव, शिक्षक दिवस पर लखनऊ में मिलेगा सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होंगे जिले के डॉ. हरिश्चंद्र यादव

ज्ञानपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर भदोही जिले के शिक्षक डॉ. हरिश्चंद्र यादव को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में शिक्षक के पद पर कार्यरत डॉ. यादव को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

शनिवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि डॉ. हरिश्चंद्र यादव ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कक्षाओं में प्रभावी शिक्षण के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री के साथ विभिन्न नवाचारों का प्रयोग किया। इसके अलावा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया।

डॉ. यादव के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य को देखते हुए उनका चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किया गया है।

1999 में हुई थी पहली नियुक्ति

डॉ. हरिश्चंद्र यादव मूल रूप से जौनपुर के निवासी हैं। उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 1999 में राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी, सोनभद्र में हुई थी। करीब दो वर्ष बाद उनका स्थानांतरण राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, सोनभद्र के लिए हुआ। इसके दो वर्ष बाद वह विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर से जुड़ गए।

जुलाई 2011 से दिसंबर 2018 तक उन्होंने राजकीय हाई स्कूल, खमरिया (भदोही) में प्रधानाचार्य के रूप में भी सेवाएं दीं। जनवरी 2019 से वह विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयन होने पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने डॉ. हरिश्चंद्र यादव को बधाई दी है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles