भाई को राखी बांधकर घर लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत, कुत्ते को बचाने में पलटी बाइक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाई के साथ मायके से घर लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत, कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक

दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के गौरा गांव के पास मछलीशहर-वाराणसी हाईवे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने भाई के साथ मायके से घर लौट रही थी। हादसा बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने के कारण हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के कंतिरामपुर निवासी निर्मला देवी (46) राखी के पर्व पर अपने भाई को राखी बांधने प्रयागराज के सरायमरेज थाना क्षेत्र स्थित मायके गई थीं। राखी बांधने के बाद उनका भाई राजकुमार बाइक से उन्हें घर छोड़ने आ रहा था।

बताया गया कि गौरा गांव के पास एनएच-731बी पर अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में राजकुमार को मामूली चोट आई, जबकि निर्मला देवी को गंभीर चोटें लगीं।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल निर्मला देवी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर दुर्गागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

15 साल पहले हो चुकी थी पति की मौत

निर्मला देवी के पति राजेश कुमार गौतम की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। उनके परिवार में दो बेटे विकास (25) और सूरज (16) तथा बेटी चंदा (18) हैं। दोनों बेटे दिल्ली में रहते हैं। बड़े बेटे विकास की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी चंदा की अभी शादी नहीं हुई है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles