भदोही: 9,322 किसान केसीसी के कर्ज में डिफाल्टर, चार फीसदी की जगह अब 12 प्रतिशत ब्याज की मार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही में 9,322 किसान केसीसी के कर्ज में डिफाल्टर, चार फीसदी की जगह अब 12 प्रतिशत ब्याज की मार

39,860 किसानों ने लिया किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण, समय पर अदायगी नहीं होने से लगातार बढ़ रही बकाया राशि

ज्ञानपुर (भदोही)। किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से शुरू की गई किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना अब हजारों किसानों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। जिले में केसीसी के माध्यम से ऋण लेने वाले 39,860 किसानों में से 9,322 किसान कर्ज की अदायगी नहीं कर पाए हैं। समय से ऋण जमा नहीं करने के कारण बैंक ने इन किसानों को डिफाल्टर घोषित कर दिया है। वहीं, निर्धारित समय पर भुगतान नहीं होने से चार प्रतिशत की रियायती ब्याज दर के स्थान पर 12 प्रतिशत तक ब्याज का बोझ बढ़ रहा है।

किसानों की आय बढ़ाने और खेती के लिए पूंजी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार किसान क्रेडिट कार्ड योजना संचालित कर रही है। इसके तहत किसान बैंकों से ऋण लेकर खाद, बीज, सिंचाई और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करते हैं। फसल तैयार होने के बाद किसानों को निर्धारित अवधि में ऋण की अदायगी करनी होती है। समय से भुगतान करने पर किसानों को चार प्रतिशत ब्याज दर का लाभ मिलता है। इसके लिए बैंक किसानों की कृषि भूमि को बंधक भी रखते हैं।

बैंकिंग आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 39,860 किसानों ने केसीसी के माध्यम से ऋण लिया है। इनमें 26,733 किसानों ने अपने किसान क्रेडिट कार्ड का नवीनीकरण कराया है, जबकि 13,127 किसानों ने नए आवेदन के माध्यम से केसीसी का लाभ लिया। इनमें से 9,322 किसान निर्धारित समय पर ऋण जमा नहीं कर सके हैं। समय सीमा बीतने के बाद ब्याज दर बढ़ने से उनकी बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में कम रकम का कर्ज लेने वाले किसान भी अब बड़ी देनदारी के बोझ तले दबते जा रहे हैं।

2017 में 22,170 किसानों का हुआ था कर्ज माफ

वर्ष 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने किसानों के लिए ऋणमाफी योजना लागू की थी। इसके तहत किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से विभिन्न बैंकों से ऋण लेने वाले जिले के 22,170 किसानों का कर्ज माफ किया गया था। हालांकि, इस योजना में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक को शामिल नहीं किया गया था।

एक नजर में केसीसी के आंकड़े

  • जिले में कुल किसान : 2.35 लाख
  • किसान सम्मान निधि पाने वाले किसान : 1.91 लाख
  • केसीसी पर ऋण लेने वाले किसान : 39,860
  • केसीसी का नवीनीकरण कराने वाले : 26,733
  • नए आवेदन करने वाले किसान : 13,127
  • कर्ज की अदायगी नहीं करने वाले डिफाल्टर : 9,322
  • वर्ष 2017 में कर्जमाफी का लाभ पाने वाले किसान : 22,170

किसानों की जुबानी, कैसे बढ़ता गया कर्ज

50 हजार का कर्ज बढ़कर 90 हजार के पार

दरवांसी निवासी लक्ष्मीरमण सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में यूबीआई कुरमैचा से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण लिया था। पैदावार अच्छी नहीं होने के कारण समय पर ऋण जमा नहीं कर सके। अब बकाया राशि बढ़कर 90 हजार रुपये से अधिक हो गई है। जून में बैंक कर्मचारी भी आए थे। समय से भुगतान नहीं होने के कारण 12 प्रतिशत ब्याज लग रहा है।

25 हजार का ऋण अब 65 हजार रुपये हुआ

कलापुर निवासी लालमनि गौतम ने बताया कि खेत का रकबा कम होने के कारण वर्ष 2021 में यूबीआई कलापुर से केवल 25 हजार रुपये का ऋण लिया था। आर्थिक परिस्थितियों के चलते समय पर भुगतान नहीं कर सके। इसके कारण अब ऋण की राशि बढ़कर 65 हजार रुपये हो गई है। बैंक की ओर से लगातार कर्ज जमा करने के लिए कहा जा रहा है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles