भदोही: 31 धान क्रय केंद्रों पर 19 दिन बाद भी नहीं हुई खरीद, पांच केंद्रों पर ही 1020 क्विंटल की खरीद
ज्ञानपुर। जिले में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की रफ्तार बेहद धीमी है। एक नवंबर से खरीद शुरू होने के 19 दिन बाद भी जिले के 36 में से 31 क्रय केंद्रों पर खरीद का खाता नहीं खुल सका है। अब तक केवल पांच केंद्रों पर 1020 क्विंटल धान की खरीद हुई है। सबसे अधिक पीसीएफ के क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
क्रय केंद्रों पर किसानों के नहीं पहुंचने की प्रमुख वजह बाजार में धान का बेहतर भाव बताया जा रहा है। बाजार में महीन धान 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, जबकि सरकारी क्रय केंद्रों पर इसका समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। ऐसे में किसान सरकारी केंद्रों के बजाय बाजार में अपनी उपज बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
जिले में इस बार धान खरीद के लिए दो लाख 80 हजार क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए कुल 36 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग, पीसीएफ और भारतीय खाद्य निगम के केंद्र शामिल हैं। एक नवंबर से खरीद शुरू होने के बावजूद 10 नवंबर के बाद ही मंडी समिति के दो केंद्रों के साथ जंगीगंज, समधा और भदोही के क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो सकी।
वहीं, सुरियावां, सूर्यभानपुर और औराई समेत 31 क्रय केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हो पाई है। इससे निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करना विभाग के लिए चुनौती बन सकता है।
जंगीगंज केंद्र पर एक सप्ताह में 520 क्विंटल खरीद
जिले के अधिकांश क्रय केंद्रों पर सन्नाटा है, जबकि जंगीगंज राजकीय धान क्रय केंद्र पर किसानों की भीड़ जुट रही है। यहां किसान लगातार अपनी उपज बेचने पहुंच रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर ही केंद्र पर 520 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है।
बुधवार को चार किसानों ने कुल 234 क्विंटल धान की बिक्री की। इनमें नवधन निवासी परशन यादव, भीखीपुर निवासी सभाशंकर शुक्ला, भावापुर निवासी राम शिरोमणि मिश्रा और नवधन निवासी युगल किशोर शामिल रहे।
जंगीगंज के विपणन निरीक्षक पंकज भारती ने बताया कि केंद्र पर अब तक कुल 12 किसानों से धान की खरीद की जा चुकी है।
प्रमुख तथ्य:
-
जिले में कुल धान क्रय केंद्र: 36
-
अब तक खरीद शुरू: 5 केंद्रों पर
-
खरीद से वंचित: 31 केंद्र
-
कुल खरीद: 1020 क्विंटल
-
सरकारी खरीद लक्ष्य: 2.80 लाख क्विंटल
-
बाजार में महीन धान का भाव: 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



