भदोही में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, 150 जोड़े एक-दूजे के होंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, 150 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

ज्ञानपुर। जिले के सभी छह ब्लॉकों में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुल 150 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज कल्याण विभाग और संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।

गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित कर रही है। चालू वित्तीय वर्ष में शासन की ओर से भदोही जिले को करीब 665 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य दिया गया है। इसमें से पिछले माह अक्टूबर में आयोजित समारोह के दौरान 350 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। अब 20 नवंबर को जिले के सभी छह ब्लॉकों में 150 जोड़ों की शादी कराने की तैयारी है।

संभावित आचार संहिता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग 15 दिसंबर से पहले ही निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में जुटा है। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी की ओर से प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि शासन ने 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। नई व्यवस्था के अनुसार, वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये भेजे जाएंगे। वहीं, 26 हजार रुपये के उपहार दिए जाएंगे, जबकि 10 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाएंगे।

विभाग का प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र जोड़ों का विवाह कराकर योजना का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा सके।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles