भदोही: VBYLD-2027 प्रतियोगिता में छह युवाओं ने मारी बाजी, राज्य स्तर पर करेंगे जनपद का प्रतिनिधित्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम, VBYLD-2027 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में छह प्रतिभागियों ने मारी बाजी

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भदोही का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित युवा, जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर किया सम्मानित

ज्ञानपुर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं की सकारात्मक सोच, नवाचार और रचनात्मक विचार समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अच्छे मनोयोग से किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। यह बातें जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार ज्ञानपुर में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान कहीं।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय युवा उत्सव के अंतर्गत जनपद स्तरीय चैलेंज ट्रैक डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप (पीपीटी राउंड) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के माध्यम से देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में निष्पक्ष और पारदर्शी मूल्यांकन के लिए शासन के निर्देशानुसार निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला की अध्यक्षता में गठित जूरी में महेंद्र त्रिपाठी, प्रवीण राय और अमर सिंह शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

कड़े मुकाबले के बाद छह प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इनमें अंकित कुमार, अभय प्रताप, अनुराग यादव, आर्यन शुक्ला, प्रेम प्रकाश गुप्ता और आराध्या तिवारी शामिल हैं। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अब ये चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भदोही जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, क्रीड़ा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, जिला युवा अधिकारी शिवम, जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आशुतोष गौतम एवं प्रशांत दुबे, वरिष्ठ सहायक शशि प्रकाश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles