भदोही: चार महीने से खराब पड़ी सेलेक्ट्रा मशीन, रोजाना लौट रहे मरीज; निजी लैब में 400 से 800 रुपये तक खर्च करने को मजबूर
सुरियावां सीएचसी में रोजाना 250 से 300 मरीजों की ओपीडी, 70 से 75 मरीजों को पड़ती है जांच की जरूरत
भदोही। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में मरीजों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई जांच मशीनें ही अब परेशानी का कारण बन रही हैं। सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड जांच के लिए लगाई गई सेलेक्ट्रा मशीन पिछले चार महीने से खराब पड़ी है। लंबे समय से मशीन ठीक नहीं होने के कारण मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं, मजबूरी में उन्हें निजी लैब में जांच कराने के लिए पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
बताया जाता है कि करीब एक साल पहले सीएचसी में सेलेक्ट्रा मशीन लगाई गई थी, लेकिन शुरुआत से ही इसमें तकनीकी खराबी आती रही है। अब पिछले चार महीने से मशीन पूरी तरह काम नहीं कर रही है। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले कई साल तक शोपीस बनी रही एक्सरे मशीन को भी सीएचसी से हटा दिया गया था।
सुरियावां सीएचसी जौनपुर जिले की सीमा पर स्थित है। यहां आसपास के करीब 50 से अधिक गांवों के लोग उपचार कराने पहुंचते हैं। अस्पताल में रोजाना 250 से 300 मरीजों की ओपीडी होती है। इनमें करीब 70 से 75 मरीजों को विभिन्न प्रकार की जांच कराने की जरूरत पड़ती है। मशीन खराब होने से मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।
सेलेक्ट्रा मशीन से लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी), लिपिड प्रोफाइल और कोलेस्ट्रॉल समेत कई महत्वपूर्ण जांचें की जाती हैं। मशीन बंद होने से इन जांचों की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है।
मरीज अशोक कुमार, शंभूनाथ, सुरेंद्र और राधा ने बताया कि सीएचसी में जिन जांचों की सुविधा निशुल्क मिलनी चाहिए, उनके लिए निजी लैब में 400 से 800 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी का कारण बन रहा है।
मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में जांच की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद मशीन खराब रहने से उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। चार महीने बीतने के बाद भी मशीन ठीक नहीं होने से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


