सड़क पर रफ्तार का शौक, हेलमेट से परहेज, एक माह में 4767 चालान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सड़क पर रफ्तार का शौक, हेलमेट से परहेज, एक माह में 4767 चालान

भदोही। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी वाहन चालकों पर भारी पड़ रही है। निर्देशों के बावजूद बिना हेलमेट वाहन चलाने और ओवरस्पीड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अगस्त 2026 में यातायात विभाग की टीम ने कुल 7081 वाहनों के चालान किए। इनमें अकेले बाइक के 6584 चालान शामिल हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त माह में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 4767 चालान किए गए, जबकि ओवरस्पीड के मामले में 789 चालान काटे गए। बिना हेलमेट पकड़े गए लोगों में 20 से 40 वर्ष की उम्र के करीब 3214 युवा शामिल हैं।

यातायात विभाग के अनुसार अगस्त में प्रतिदिन औसतन 235 से 236 वाहनों के चालान किए गए। कुल चालानों में करीब 90 फीसदी बाइक सवार शामिल रहे। जिले की विभिन्न सड़कों पर बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले सामने आते रहते हैं। हेलमेट न लगाने के कारण हादसों में सिर पर गंभीर चोट लगने का खतरा भी बढ़ जाता है।

युवाओं में हेलमेट को लेकर सबसे अधिक लापरवाही

यातायात विभाग के आंकड़ों में सबसे ज्यादा चिंता युवाओं को लेकर सामने आई है। कई युवा हेलमेट साथ रखने के बावजूद उसे पहनकर वाहन नहीं चलाते। अगस्त में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3214 युवाओं के चालान किए गए।

विभाग का कहना है कि ओवरस्पीड और बिना हेलमेट बाइक चलाना युवाओं के बीच एक तरह का चलन बनता जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और जान जाने का खतरा बढ़ रहा है।

हेलमेट लगाने में महिलाएं आगे

बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामलों में महिलाओं की संख्या काफी कम रही। अगस्त में कुल 4767 बिना हेलमेट के चालान हुए, जिनमें केवल 45 महिलाएं शामिल थीं। यातायात विभाग के आंकड़ों के अनुसार महिलाएं हेलमेट के इस्तेमाल में पुरुषों की तुलना में अधिक जागरूक नजर आईं।

इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 43 लोगों के चालान किए गए।

अगस्त 2026 में यातायात चालान के आंकड़े

नियम उल्लंघन चालान
कुल चालान 7081
बाइक के चालान 6584
चार पहिया वाहनों के चालान 497
बिना हेलमेट 4767
ओवरस्पीड 789
मोबाइल से बात करते हुए वाहन चलाना 43
युवाओं के बिना हेलमेट चालान 3214
महिलाओं के बिना हेलमेट चालान 45

यातायात प्रभारी ने कही ये बात

यातायात प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि युवाओं में हेलमेट न लगाना बड़ी समस्या है। कई लोग हेलमेट साथ रखते हैं, लेकिन वाहन चलाते समय उसे पहनते नहीं हैं। इसी वजह से अगस्त माह में बिना हेलमेट के चालान की संख्या सबसे अधिक रही। उन्होंने बताया कि पूरे महीने में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 3214 युवाओं और केवल 45 महिलाओं के चालान किए गए।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles