विवाहिता की मौत के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना का आरोप
सर्रोई, भदोही। भदोही कोतवाली क्षेत्र के परगासपुर में करीब 10 दिन पूर्व हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति मंगलम पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया।
मृतका के पिता नंदन तिवारी निवासी खेम्हईपुर, असनाव बाजार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी प्रगति की शादी 25 नवंबर 2024 को परगासपुर निवासी मंगलम पांडेय के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में पर्याप्त दहेज देने के बावजूद सास साधना देवी और देवर आदर्श पांडेय कम दहेज लाने का ताना देते हुए प्रगति को प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
पिता के मुताबिक, 30 अगस्त को उन्हें सूचना मिली कि प्रगति ने फंदे से लटककर जान दे दी है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतका के पति मंगलम पांडेय का नाम भी मामले में सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में आरोपी पति मंगलम पांडेय को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





