प्रोजेक्ट अलंकार से 38 राजकीय स्कूलों की होगी मरम्मत, सर्वे शुरू
भदोही। जिले के 38 राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की स्थिति जल्द सुधारी जाएगी। शासन के निर्देश पर प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में मरम्मत और निर्माण कार्यों के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) की टीम विद्यालयवार कमियों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार कर रही है। सर्वे पूरा होने के बाद विद्यालयवार स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
जिले में कुल 38 राजकीय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेज हैं। इनमें 33 राजकीय हाईस्कूल और पांच इंटर कॉलेज शामिल हैं। अधिकांश विद्यालय दो से ढाई दशक पुराने हैं। वहीं, पीएम श्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज की उम्र 100 वर्ष से अधिक है। लंबे समय से बारिश, ठंड और धूप का सामना कर रहे भवनों की स्थिति धीरे-धीरे खराब हो रही है।
कई विद्यालयों में खिड़की, दरवाजे, टाइल्स और भवन के अन्य हिस्से जर्जर हो चुके हैं। इनकी मरम्मत के साथ ही रंगाई-पुताई और अन्य छोटे अनुरक्षण कार्य भी कराए जाएंगे। सर्वे के दौरान प्रत्येक विद्यालय में जरूरी कार्यों और उन पर आने वाले अनुमानित खर्च का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
बड़े निर्माण कार्यों का भी तैयार होगा ब्योरा
प्रोजेक्ट के तहत केवल मरम्मत ही नहीं, बल्कि निर्माण संबंधी कार्यों का भी आकलन किया जा रहा है। विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल समेत अन्य बड़े निर्माण कार्यों को भी सूची में शामिल किया जाएगा। अनुरक्षण कार्यों की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) को दी गई है, जबकि निर्माण संबंधी कार्यों की जानकारी जुटाने का जिम्मा कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को सौंपा गया है।
बजट मिलने के बाद शुरू होगा काम
सर्वे के दौरान प्रधानाचार्यों से भी विद्यालय में कराए जाने वाले जरूरी कार्यों की जानकारी ली जा रही है। सभी विद्यालयों से प्राप्त प्रस्ताव और अनुमानित खर्च के आधार पर बजट की मांग शासन से की जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद विद्यालयवार मरम्मत और निर्माण कार्य कराया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में आवश्यक कार्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई विद्यालयों का सर्वे कर रहे हैं। आकलन रिपोर्ट तैयार होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि किस विद्यालय में कौन-कौन से कार्य कराए जाने हैं और उन पर कितना खर्च आएगा। इसके आधार पर विद्यालयवार बजट की मांग शासन को भेजी जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


