राजनीति विज्ञान विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का दीक्षारंभ, शैक्षणिक मूल्यों से कराया परिचित
ज्ञानपुर। काशी नरेश विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में बृहस्पतिवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलसचिव डॉ. महेश कुमार ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की गरिमा और शैक्षणिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील की। साथ ही शिक्षा के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने पर जोर दिया।
विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुबाला ने राजनीति विज्ञान विषय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विषय विद्यार्थियों को संविधान, लोकतंत्र, शासन व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और समकालीन राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों को समझने का व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विषय के अध्ययन को गंभीरता से लेते हुए समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आनंद कुमार ने किया। इस अवसर पर राममूर्ति, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. रमेश कुमार सरोज, डॉ. बृजेश श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


