सीएचसी अधीक्षक को जान से मारने की धमकी, दो संविदाकर्मी गिरफ्तार
भदोही। अभोली ब्लॉक के भानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मंगलवार रात दो संविदाकर्मियों को गिरफ्तार किया। मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई थी, जिसमें अधीक्षक को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई।
मामला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की। अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद ने बुधवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह करीब डेढ़ माह पहले डीघ सीएचसी से स्थानांतरित होकर भानीपुर सीएचसी आए हैं।
उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर करीब 34 मिनट की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई थी। इसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। ऑडियो में अस्पताल से बाहर निकलने पर वाहन से टक्कर मारकर जान से मारने की बात भी कही गई थी। इसके अलावा कुछ अन्य ऑडियो भी प्रसारित होने की जानकारी सामने आई।
पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
अधीक्षक के अनुसार दोनों संविदाकर्मियों के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं। एक एएनएम ने दोनों पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसके बाद अधीक्षक ने दोनों को बुलाकर फटकार लगाई थी और उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए सीएमओ को पत्र भेजा था। इसके बाद से दोनों के नाराज होने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बीपीसीएम अजीत कुमार निवासी मुंगरी, ऊंज और स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्याम सुंदर सिंह निवासी जाठी, ज्ञानपुर शामिल हैं।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
दोनों स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा होगी समाप्त
सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि दोनों स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा समाप्त करने का निर्णय स्वास्थ्य समिति की बैठक में लिया गया है। संबंधित कार्रवाई पूरी करने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों में एक डब्ल्यूएचओ और दूसरा बीपीसीएम का कर्मचारी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



