सुरियावां स्टेशन के विस्तारीकरण का काम नौ माह से ठप, धंसी इंटरलॉकिंग से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
सुरियावां। जिले के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सुरियावां स्थित रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण का काम पिछले नौ माह से पूरी तरह ठप पड़ा है। कार्यदायी संस्था के काम बीच में छोड़कर चले जाने के कारण स्टेशन पर प्रस्तावित यात्री सुविधाओं का विकास अधर में लटक गया है। वहीं, प्लेटफार्म पर बिछाई गई इंटरलॉकिंग कई स्थानों पर धंसने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुरियावां रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन अप और डाउन मिलाकर करीब 22 से 25 पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है। यहां से रोजाना लगभग पांच से सात हजार यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
ढाई साल पहले शुरू हुआ था विस्तारीकरण का काम
करीब ढाई साल पहले स्टेशन के विस्तारीकरण की परियोजना के तहत निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। लगभग डेढ़ साल तक काम धीमी गति से चलता रहा, लेकिन इसके बाद कार्यदायी संस्था ने काम बंद कर दिया और मौके से चली गई। तब से करीब नौ माह से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है।
योजना के तहत स्टेशन के प्लेटफार्म का विकास, बाउंड्रीवाल निर्माण, पेयजल की सुविधा और यात्रियों के बैठने के लिए बेंच सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी थीं। हालांकि, अब तक करीब एक किलोमीटर लंबे प्लेटफार्म पर इंटरलॉकिंग का ही काम हो सका है।
40 से 50 जगह धंसी इंटरलॉकिंग
प्लेटफार्म पर बिछाई गई इंटरलॉकिंग की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। करीब 40 से 50 स्थानों पर इंटरलॉकिंग धंस गई है। इससे यात्रियों को चलने में परेशानी हो रही है और हादसे की आशंका भी बनी हुई है। बारिश के मौसम में धंसे हुए स्थानों पर पानी जमा होने से समस्या और बढ़ जाती है।
स्टेशन की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां स्टेशन का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
तकनीकी कारणों से रुका है काम
स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से विस्तारीकरण का काम रुका हुआ है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। आगे का निर्णय उच्च स्तर से लिया जाना है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रोजाना हजारों लोगों के आवागमन वाले स्टेशन पर लंबे समय से निर्माण कार्य बंद रहने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से जल्द से जल्द विस्तारीकरण का काम शुरू कराने और धंसी इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने की मांग की है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


