पशु तस्कर पहले पकड़ा गया, फिर चकमा देकर भागा; ढाई घंटे बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार
ज्ञानपुर/भदोही:
सुरियावां थाना क्षेत्र के कलिंजरा रोड पर रविवार को पुलिस ने मांस लेकर जा रहे एक पशु तस्कर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैरीपरवां निवासी विजय कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह बैरीपरवां गांव में संरक्षित पशु के वध की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दो युवक मांस लेकर प्रयागराज की ओर जा रहे हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शाम करीब चार बजे विजय कुमार को बैरीपरवां गांव से पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए जाने के बाद विजय कुमार ने मौका पाकर एसआई को चकमा दे दिया और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। करीब ढाई घंटे बाद शाम 6:30 बजे कलिंजरा रोड पर पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली विजय कुमार के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक वाहन बरामद हुआ है, जिसमें मांस भी मिला है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बैरीपरवां गांव में पशु वध करने की बात स्वीकार की है। वह मांस को प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
