अग्निवीर धीरज गुप्ता को मिले शहीद का दर्जा
घोसिया/औराई (भदोही)। औराई थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी अग्निवीर धीरज गुप्ता के आवास पर रविवार को सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर और भारत सरकार के संचार मंत्रालय के सदस्य व युवा व्यापारी नेता शिखर गुप्ता पहुंचे। दोनों नेताओं ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले अग्निवीर धीरज गुप्ता के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
नेताओं ने कहा कि अग्निवीर धीरज गुप्ता की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता और उन्हें शहीद का दर्जा दिलाने के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने मांग की कि धीरज गुप्ता को शहीद का दर्जा देने के साथ उनके नाम पर गांव के मुख्य द्वार पर शहीद द्वार (गेट) तथा गांव में भव्य स्मारक बनवाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि धीरज की विधवा मां के जीवन-यापन के लिए सरकार से विशेष आर्थिक सहायता दिलाई जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। नेताओं ने भरोसा दिलाया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री से मिलकर परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
परिजनों ने नेताओं के समक्ष अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि सरकार उनके बेटे के बलिदान का सम्मान करे और परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करे। नेताओं ने परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान धैर्य प्रताप साहू, आजाद गुप्ता, विजय गुप्ता, राजेश गुप्ता, महेश सागर साहू, अमरनाथ गुप्ता और पवन गुप्ता समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
