ज्ञानपुर: सौ शय्या अस्पताल में लेबर कक्ष तैयार, 14 नर्सों की तैनाती
ज्ञानपुर। सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तेज़ी से किया जा रहा है। इसी क्रम में यहां प्रसव सेवा शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें प्रसव के लिए जिला अस्पताल या दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार ओपीडी भवन के भूतल पर अस्थायी रूप से लेबर कक्ष तैयार कर प्रसव सेवा शुरू कर दी गई है। यहां फिलहाल केवल सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। जटिल स्थिति या सिजेरियन की जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
प्रसव सेवा को सुचारु बनाए रखने के लिए कुल 14 स्टाफ नर्सों की तैनाती की गई है। 24 घंटे सेवा सुनिश्चित करने के लिए दो-दो नर्सों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी से सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिलेगा।
अस्पताल में रोजाना लगभग 400 से 500 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। चिकित्सक जांच के बाद उन्हें दवा उपलब्ध कराते हैं। मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या यहां अधिक रहती है। प्रसव सुविधा शुरू होने के बाद अस्पताल में मरीजों की कुल संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस नई व्यवस्था से सरपतहां, लखनों, कसियापुर, नंदापुर, कावल, गडेरियापुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों की गर्भवती महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा। आपात स्थिति में समय पर प्रसव सेवा उपलब्ध होने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में भी मदद मिलेगी।
हालांकि अस्पताल में अभी महिला रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) की तैनाती नहीं हो सकी है। विशेषज्ञ की कमी के कारण ऑपरेशन या जटिल मामलों को उच्च केंद्रों पर भेजना अनिवार्य रहेगा। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में स्थायी लेबर रूम और विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती की मांग भी उठाई है।
अस्पताल परिसर में पहले से टीबी अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, बर्न यूनिट, डिजिटल एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं संचालित हैं। यहां प्रतिदिन लगभग एक हजार से 1200 मरीजों व तीमारदारों की आवाजाही रहती है, जिससे अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनता जा रहा है।
चार माह पूर्व इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) की तैनाती के बाद आपात सेवाएं भी बेहतर हुई हैं, जिससे चिकित्सकों को ड्यूटी संचालन में सुविधा मिली है।
सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान ने बताया कि हाल ही में प्रसव सेवा शुरू की गई है। दो-दो सिस्टर की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई गई है। यहां सामान्य प्रसव कराया जाएगा, जबकि ऑपरेशन की जरूरत पड़ने पर मरीज को जिला अस्पताल भेजा जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
