दुरांसी और दत्तीपुर के प्रधानों का वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुरांसी और दत्तीपुर के प्रधानों का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज

ज्ञानपुर (भदोही)। जिला मजिस्ट्रेट शैलेष कुमार ने गबन के मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए भदोही ब्लॉक के दुरांसी और दत्तीपुर गांव के ग्राम प्रधानों का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया है। जांच अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। साथ ही दोनों ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुरांसी गांव निवासी गिरजाशंकर तिवारी ने 21 अक्तूबर 2024 को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव में विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उपायुक्त स्वत: रोजगार, अधिशासी अभियंता जल निगम और जिला कार्यक्रम अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराई।

जांच टीम की रिपोर्ट में सामने आया कि हैंडपंप का रिबोर मनोज तिवारी ने निजी स्तर पर कराया, जबकि ग्राम प्रधान द्वारा इसे सरकारी मद से कराया दिखाया गया था। इस मद में 39,500 रुपये की अनियमितता पाई गई। इसके अलावा आरआरसी निर्माण सहित अन्य कार्यों में कुल 2,07,000 रुपये के गबन की पुष्टि हुई। ग्राम प्रधान सुनीता देवी से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने उनका वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

उधर, दत्तीपुर गांव निवासी दीनानाथ यादव ने 10 जुलाई 2024 को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर विकास कार्यों में अनियमितता की जांच कराने की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने स्थलीय निरीक्षण और अभिलेखों की जांच की।

जांच में पाया गया कि पंचायत भवन परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य पर तीन लाख रुपये से अधिक खर्च दर्शाया गया, जबकि मौके पर कार्य नहीं मिला। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन कायाकल्प समेत अन्य मदों में कुल 5,36,779 रुपये का गबन पाया गया। ग्राम प्रधान विजयनाथ यादव से स्पष्टीकरण लिया गया, लेकिन अधिकारी उनके उत्तर से संतुष्ट नहीं हुए।

जिला मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीर मानते हुए विजयनाथ यादव का भी वित्तीय अधिकार सीज कर दिया और अंतिम जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को नामित किया है।

डीपीआरओ संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दुरांसी में करीब दो लाख और दत्तीपुर में 5.36 लाख रुपये के गबन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई है। दोनों ग्राम पंचायतों में तीन सदस्यीय टीम गठित कर विकास कार्य निर्बाध रूप से संचालित कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप
लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से जिले के ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में अनियमितता या धन के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर जांच कर कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles