बाइक को टक्कर मार नहर में पलटा दूध भरा टैंकर, चार घायल
औराई (भदोही)। उगापुर नहर के पास गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब दूध से भरा टैंकर बाइक को टक्कर मारते हुए पुलिया तोड़कर नहर में पलट गया। हादसे में महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद करीब एक घंटे तक अफरातफरी मची रही और मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर पुलिया तोड़ते हुए सीधे ज्ञानपुर रजवाहा में जा पलटा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घायलों की पहचान गोलू (28), कोमल (23), पारो (26) और आशीष के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को सीएचसी औराई पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। सीएचसी के डॉक्टरों के मुताबिक रजईपुर निवासी आशीष के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
हादसे के चलते भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात सामान्य कराया। शाम के समय क्रेन बुलाकर टैंकर को नहर से बाहर निकलवाया गया और उसे थाने भेज दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि टैंकर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था और दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
सीओ औराई राजीव सिंह ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
