शीर्षक: दानापुर-उधना एक्सप्रेस की चपेट में आकर युवक की मौत
खमरिया (भदोही): औराई कोतवाली क्षेत्र के खमरिया चौकी अंतर्गत बुधवार की सुबह एक युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरीडीह गांव निवासी ओम प्रकाश गौंड के 26 वर्षीय बड़े पुत्र आशीष कुमार गौड़ का शव सुबह लगभग छह बजे माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने ट्रैक पर शव देखा तो तुरंत खमरिया पुलिस चौकी को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आशीष ट्रैक पार कर रहे थे, तभी दानापुर-उधना एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दी।
मृतक के पिता ओम प्रकाश गौंड ने बताया कि आशीष तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उन्होंने यह भी बताया कि आशीष का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था और पिछले करीब दो महीनों से उनका उपचार चल रहा था।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
