ज्ञानपुर: धान क्रय केंद्र दोबारा चालू कराने की मांग, सपा विधायक ने डीएम को सौंपा पत्र
ज्ञानपुर। भदोही जिले के सपा विधायक जाहिद बेग ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र जिलाधिकारी शैलेश कुमार को सौंपकर राजकीय धान क्रय केंद्रों को तत्काल प्रभाव से पुनः संचालित करने की मांग उठाई।
विधायक ने पत्र में कहा कि 11 फरवरी को धान खरीद बंद कर दिए जाने से जिले के सैकड़ों किसान संकट में हैं। कई किसानों का धान क्रय केंद्रों पर पड़ा है, जबकि कुछ किसान अभी तक अपनी उपज बेच ही नहीं पाए हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ भंडारण की समस्या भी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 300 किसानों का लगभग 6000 क्विंटल धान खरीद के लिए लंबित है। यदि शीघ्र खरीद शुरू नहीं कराई गई तो किसानों को औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर होना पड़ सकता है।
सपा विधायक ने प्रशासन से मांग की कि पीसीएफ के सभी संबंधित धान क्रय केंद्रों को दोबारा चालू कराकर लंबित खरीद प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में उन्होंने यह भी अपेक्षा जताई कि शासन स्तर पर हस्तक्षेप कर किसानों के हित में त्वरित निर्णय लिया जाए।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, मुन्नरराम यादव, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र, बाबूभाई, मिल्लू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

