समय से वेतन नहीं मिलने पर पंचायत सहायकों में आक्रोश
औराई (भदोही): ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों के पंचायत सहायकों ने मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। पंचायत सहायकों का कहना है कि कई महीनों से उनका वेतन समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ औराई को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए और भविष्य में नियमित रूप से वेतन जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पंचायत सहायकों ने कहा कि वे ग्राम पंचायतों में डिजिटल कार्य, प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया, अभिलेखों का संधारण सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन उनकी मेहनत के अनुरूप उन्हें समय पर पारिश्रमिक नहीं मिल रहा।
अध्यक्ष मनोज पाल और मंत्री अवनीश कुमार ने कहा कि पंचायत सहायक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं, फिर भी विभाग उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पंचायत सहायक चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान पंचायत सहायकों ने एकजुटता दिखाते हुए नारेबाजी भी की। इस मौके पर संगीता देवी, सोफिया अंसारी, अनुराग, सुरेंद्र समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

