प्रेम प्रसंग में पंखे से लटका मिला किशोर का शव
गोपिगंज (भदोही): धनापुर दक्षिणी की कनौजिया बस्ती में 15 वर्षीय किशोर अनमोल कनौजिया का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक के माता-पिता और बहन मुंबई में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने पर वे तत्काल भदोही के लिए रवाना हो गए। प्रभारी निरीक्षक शैलेष राय ने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि रमेश कनौजिया के पुत्र अनमोल का करीब 10 माह पूर्व जक्खिनी (वाराणसी) की 16 वर्षीय किशोरी से प्रेम विवाह हुआ था। दोनों की पहचान करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
बताया जाता है कि परिवार को भनक लगे बिना दोनों ने गोपीगंज स्थित शिव मंदिर में विवाह कर लिया था। इसके बाद वे जंगीगंज के पास बड़ा गांव मोड़ स्थित श्याम किशोर तिवारी के मकान में किराये पर रहने लगे थे। रविवार की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इसी से आहत होकर किशोर ने आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक के चाचा ने बताया कि मुंबई से अनमोल की मां का फोन आया था कि वह फांसी लगाने जा रहा है। सूचना मिलते ही वह तुरंत कमरे पर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो किशोर का शव पंखे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अनमोल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा था। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किशोरी और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि हो सके।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।









