भदोही में निरंकारी मंडल के स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, तालाबों व घाटों की हुई सफाई
भदोही। बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में संत निरंकारी मंडल के अनुयायियों ने रविवार को जिले के आधा दर्जन तालाबों और घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान में संत निरंकारी मंडल के संयोजक राजेश कुमार स्वयंसेवकों के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे। उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह का जीवन सेवा, प्रेम और मानवता की मिसाल है। उनके आदर्श हमें समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
अभियान के तहत सुरियावां के बावन बीघा तालाब, दुर्गागंज के तालाब, अमीलहरा के तालाब, सीतामढ़ी घाट और भोगांव घाट समेत कई स्थानों पर सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने तालाबों से प्लास्टिक और अन्य कचरा हटाया, घाटों की सीढ़ियों की धुलाई की और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करने के लिए संवाद भी किया गया। ग्रामीणों और राहगीरों को बताया गया कि जल स्रोतों की नियमित सफाई और संरक्षण से जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से बाबा हरदेव सिंह की शिक्षाओं से प्रेरित होकर “प्रोजेक्ट अमृत” के अंतर्गत यह अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य मानवता को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना और सामूहिक जनभागीदारी से स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण करना है।
अभियान में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने स्वयंसेवकों का सहयोग करते हुए इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की अपेक्षा जताई।
आयोजकों ने बताया कि अकेले भदोही जनपद में हजारों स्वयंसेवकों ने इस जनजागरण अभियान में हाथ बंटाया, जो समाज सेवा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





