होली से पहले ट्रेनों में उमड़ी भीड़, ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर अफरा-तफरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लालानगर में जनरल कोच में मारामारी: सीटें 99, यात्री 400

ज्ञानपुर। होली पर्व नजदीक आते ही ट्रेनों में यात्रियों का दबाव तेजी से बढ़ गया है। रविवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक भीड़ उमड़ पड़ी। मुंबई और नई दिल्ली से आने वाली ट्रेनों के जनरल डिब्बों में हालात सबसे ज्यादा खराब दिखे।

आरक्षित श्रेणी में टिकट महीनों पहले ही फुल हो जाने के कारण यात्रियों को मजबूरी में जनरल कोच का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जहां एक जनरल कोच की बैठने की क्षमता करीब 99 यात्रियों की होती है, वहीं उसमें 350 से 400 तक यात्री ठूंस-ठूंसकर सफर कर रहे हैं। भीड़ के चलते कई यात्रियों को दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

बिहार और हावड़ा रूट की ट्रेनों में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। रोजी-रोजगार के लिए मुंबई, दिल्ली और सूरत जैसे महानगरों में रहने वाले लोग होली मनाने अपने घर लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया है।

पटना–सिकंदराबाद पवन एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस और शिवगंगा एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों की आरक्षित सीटें करीब दो महीने पहले ही फुल हो चुकी थीं। वेटिंग टिकट भी लंबी होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

यात्री विनोद यादव, रंजीत कुमार और सुनीता देवी ने बताया कि कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण उन्हें भारी भीड़ के बीच जनरल कोच में सफर करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कोच के अंदर सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है और बच्चों व महिलाओं को खास दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर भी यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। ट्रेन आते ही जनरल डिब्बों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कई यात्री खिड़की और दरवाजों से सामान अंदर डालकर जगह सुरक्षित करने की कोशिश करते दिखे।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के मद्देनजर अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएं और स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। फिलहाल हालात यह हैं कि होली की भीड़ ने ट्रेनों की व्यवस्था की पोल खोल दी है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles