ज्ञानपुर: हर बृहस्पतिवार ओपीडी में बैठेंगे सीएमओ और एसीएमओ, व्यवस्था सुधारने की पहल
ज्ञानपुर। जिले की ओपीडी व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) सप्ताह में एक दिन स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों का उपचार करेंगे। इसके लिए बृहस्पतिवार का दिन तय किया गया है। अधिकारी जिले के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर बिना पूर्व सूचना के पहुंचेंगे।
जिले में महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही और सरपतहां सौ शय्या अस्पताल सहित छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 206 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इन सभी को मिलाकर कुल 235 स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रतिदिन लगभग पांच से साढ़े पांच हजार मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं।
शिकायतों के बाद सख्ती
स्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई केंद्रों पर डॉक्टर समय से नहीं बैठते, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार जांच और दवा प्रक्रिया में पूरा दिन निकल जाता है। इसी को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की सीधे निगरानी का फैसला लिया गया है।
औचक निरीक्षण भी होगा
ओपीडी करने के साथ-साथ सीएमओ और एसीएमओ अस्पताल की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, जांच व्यवस्था और मरीजों की सुविधा का भी निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधीक्षक या प्रभारी चिकित्साधिकारी से जवाब मांगा जाएगा।
वैकल्पिक व्यवस्था भी तय
शासन के निर्देश के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी—सीएमओ, एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ—महीने में कम से कम दो बार ओपीडी करेंगे। यदि किसी कारण से सीएमओ या एसीएमओ मुख्यालय से बाहर रहते हैं तो उनकी जगह अन्य अधिकृत अधिकारी ओपीडी संभालेंगे, ताकि व्यवस्था प्रभावित न हो।
सीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा कि हर बृहस्पतिवार को किसी न किसी अस्पताल में औचक पहुंचकर ओपीडी की जाएगी। जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से उम्मीद है कि अस्पतालों में डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता बढ़ेगी, प्रतीक्षा समय घटेगा और मरीजों को बेहतर व त्वरित उपचार मिल सकेगा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





